जखोली में लगा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर, 70 जनसमस्याओं पर हुई सुनवाई

रुद्रप्रयाग: सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत सोमवार को विकासखंड जखोली के राजकीय इंटर कॉलेज कैलाश बंगार में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया ने की।

शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने रेल, सड़क, रोपवे, उड़ान योजना सहित प्रदेश में चल रही आधारभूत संरचना विकास परियोजनाओं की जानकारी साझा की। साथ ही पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और सरकारी सेवाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी लोगों को उपलब्ध कराई गई।

पशुपालन, उद्यान, मत्स्य, डेयरी विकास, समाज कल्याण, कृषि, स्वास्थ्य, पूर्ति, सेवायोजन और बाल विकास विभाग समेत कई विभागों ने अपनी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सेवाओं का लाभ प्रदान किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया।

शिविर के दौरान ग्रामीणों ने कुल 70 शिकायतें और मांग पत्र प्रशासन के समक्ष रखे। इनमें पेयजल, सड़क, बिजली, राजस्व, मुआवजा, पेंशन, राशन कार्ड और कृषि से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। प्रशासन के अनुसार अधिकांश शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

उपजिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया ने कहा कि सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान का उद्देश्य शासन और प्रशासन को आम जनता के द्वार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी, ललिता देवी, अनिल रावत, महिपाल मिंगवाल, चंद्र सिंह, खंड विकास अधिकारी जखोली, सीडीपीओ गोल्डी सिंह, कृषि सहायक सज्जन सिंह, जल संस्थान के कनिष्ठ अभियंता पंकज थपलियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!