केदारनाथ यात्रा मार्ग पर प्रशासन हाई अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई निगरानी, संगम घाट से यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की ओर से भारी वर्षा की चेतावनी के बीच श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित बनाए रखने के लिए रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर यात्रा मार्ग के सभी संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

सोनप्रयाग से लेकर गौरीकुंड और केदारनाथ धाम तक पूरे यात्रा मार्ग का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। सेक्टर अधिकारी, पुलिस बल और प्रशासनिक टीमें यात्रियों, स्थानीय लोगों और व्यापारियों को मौसम की ताजा स्थिति से अवगत करा रही हैं। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील भी की जा रही है।

संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन केदारनाथ धाम स्थित संगम घाट क्षेत्र में मौजूद यात्रियों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया। यह कदम भारी बारिश और नदी के जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी की आशंका को ध्यान में रखते हुए उठाया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

जिला प्रशासन ने यात्रा मार्ग के सभी संवेदनशील बिंदुओं पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, डीडीआरएफ तथा अन्य संबंधित विभागों की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार हैं।

प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम को देखते हुए यात्रा के दौरान पूरी सावधानी बरतें और केवल प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का ही पालन करें। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सुरक्षित केदारनाथ यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!