काशीपुर से शुरू हुई हिंदू वाहिनी की ‘अपनों के द्वार, परिवार मिलन यात्रा’, घर-घर पहुंचेगा सदस्यता अभियान

काशीपुर: हिंदू वाहिनी संगठन उत्तराखंड ने संगठनात्मक विस्तार और पारिवारिक समरसता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से ‘अपनों के द्वार, परिवार मिलन यात्रा’ का शुभारंभ किया। इस अभियान की शुरुआत संगठन की मार्गदर्शक उर्वशी दत्त बाली के आवास से हुई। इस अवसर पर ‘हिंदू वाहिनी एक संगठन नहीं, एक परिवार है’ विषयक स्टीकर का भी विमोचन किया गया।

कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी आनंद तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष रुचिन शर्मा तथा महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष पूजा अरोड़ा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वक्ताओं ने संगठन की कार्यशैली और आगामी अभियानों की रूपरेखा पर प्रकाश डाला।

इस दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि हिंदू वाहिनी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने वाला एक व्यापक परिवार है। उनका कहना था कि संगठन समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ते हुए सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम के साथ ही संगठन ने घर-घर संपर्क एवं सदस्यता अभियान की भी शुरुआत की। अभियान के तहत पदाधिकारी और कार्यकर्ता सीधे परिवारों तक पहुंचकर संगठन की विचारधारा, सेवा गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों की जानकारी देंगे। महिला प्रकोष्ठ की टीम भी परिवारों से आत्मीय संवाद स्थापित कर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का कार्य करेगी।

संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि आने वाले समय में ‘अपनों के द्वार, परिवार मिलन यात्रा’ को पूरे उत्तराखंड के गांवों, कस्बों, नगरों और वार्डों तक विस्तार दिया जाएगा। उनका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को समाज सेवा, सामाजिक एकता और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों में सहभागी बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!