हरिद्वार में पत्नी की हत्या का खुलासा, बीमारी से परेशान पति ने इलाज के बहाने दिया जहर, गिरफ्तार

हरिद्वार: हरिद्वार पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपनी पत्नी की लंबे समय से चल रही बीमारी से परेशान होकर इलाज के बहाने उसे जहरीला पदार्थ पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वैज्ञानिक साक्ष्यों और फॉरेंसिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया।

यह मामला बहादराबाद थाना क्षेत्र का है। फरवरी 2026 में मृतका के भाई ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए और पोस्टमार्टम के बाद बिसरा जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेजा गया।

एफएसएल रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि महिला की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी जांच और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी पति की भूमिका को चिन्हित किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था और अपने ठिकाने बदल रहा था।

गुप्त सूचना के आधार पर बहादराबाद पुलिस ने बढ़ेड़ी राजपूतान हाईवे पुल के पास दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पत्नी की लगातार चल रही बीमारी से परेशान था और इसी वजह से उसने इलाज के नाम पर जहरीला पदार्थ देकर उसकी हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में की गई, जबकि मामले की विवेचना स्वयं कोतवाली प्रभारी द्वारा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!