काशीपुर: नवगठित नगर पंचायत गढ़ीनेगी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिषेक सुखीजा एवं सभासदों ने बुधवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और क्षेत्रवासियों की बड़ी संख्या मौजूद रही।
गढ़ीनेगी के रामलीला ग्राउंड में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उपजिलाधिकारी काशीपुर अभय प्रताप सिंह ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में उत्साह और जनभागीदारी का विशेष माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे काशीपुर नगर निगम के महापौर दीपक बाली ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिषेक सुखीजा और सभी सभासदों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में गढ़ीनेगी नगर पंचायत का पहला निर्वाचित बोर्ड क्षेत्र के विकास में नई मिसाल कायम करेगा।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि नगर पंचायत के विकास कार्यों में उनकी ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गढ़ीनेगी के विकास और क्षेत्र की जनता के हितों से जुड़े हर मुद्दे पर वे निर्वाचित बोर्ड के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, जसपुर विधायक आदेश चौहान, पूर्व विधायक डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल, सांसद प्रतिनिधि विजय बॉबी, सांसद प्रतिनिधि तीरथ सिंह, जिला पंचायत सदस्य चरनजीत सिंह चन्नी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी संजय कुमार, सभासद रजनी, लव कुश, दलीप सिंह, अर्पण चावला, सुगंध, कुलविंदर कौर और नरेश कुमार समेत नगर और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने भी शिरकत की।
शपथ ग्रहण समारोह के साथ ही गढ़ीनेगी नगर पंचायत के नए बोर्ड ने क्षेत्र के विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जताई।















Leave a Reply