सड़क हादसे में घायल युवक की सूचना विभाग टीम ने दिखाई तत्परता, समय रहते बचाई जान

रुद्रप्रयाग: बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप शिवनंदी क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक सड़क दुर्घटना में दो बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गए। इस हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

इसी दौरान विभागीय कार्य से रुद्रप्रयाग लौट रहे अपर जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा, फोटोग्राफर भुवनेश्वर नेगी और चालक संजय सिंह घटनास्थल से गुजर रहे थे। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

अपर जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा ने तुरंत पुलिस, जिला आपदा कंट्रोल रूम और 108 एंबुलेंस सेवा को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही सभी संबंधित टीमें सक्रिय हो गईं और राहत कार्य तेजी से शुरू किया गया।

कुछ ही समय में 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार शुरू कराया गया।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।

इस पूरी घटना में सूचना विभाग की टीम द्वारा दिखाई गई तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय पहल की सराहना की जा रही है, जिसने समय रहते घायल युवक को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!