28 जून को पिलाई जाएगी पोलियो खुराक, जनपद में 23,014 बच्चों को कवर करने का लक्ष्य

रुद्रप्रयाग: आगामी 28 जून को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जनपद में सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के कुल 23,014 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जाएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि पल्स पोलियो अभियान का लक्ष्य शत-प्रतिशत बच्चों तक पहुंचना है, जिसके लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

अभियान के तहत जनपद को चार सेक्टरों में बांटा गया है। अगस्त्यमुनि सेक्टर में 50 बूथ, जखोली में 101, ऊखीमठ में 65 और रुद्रप्रयाग सेक्टर में 82 बूथ बनाए गए हैं। इस तरह कुल 298 पोलियो बूथों के माध्यम से 62,273 घरों तक पहुंचकर बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के लिए 1196 वैक्सीनेटर और 119 पर्यवेक्षकों की तैनाती की है। इसके अलावा रुद्रप्रयाग बाजार, जखोली ब्लॉक के मयाली बाजार और ऊखीमठ क्षेत्र के कुंड में कुल तीन ट्रांजिट बूथ भी स्थापित किए गए हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि आशा कार्यकत्रियों और एएनएम को निर्देश दिए गए हैं कि वे 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को बूथ तक पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो खुराक से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!