रुद्रप्रयाग में मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

रुद्रप्रयाग: मौसम विज्ञान विभाग ने 10 जून 2026 को जनपद रुद्रप्रयाग के कई क्षेत्रों में खराब मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, दोपहर 4:00 बजे से शाम 6:00 बजे के बीच सोनप्रयाग, अगस्त्यमुनि और आसपास के इलाकों में तेज आंधी-तूफान की संभावना है।

पूर्वानुमान के मुताबिक इस दौरान बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बरतने की अपील की है।

प्रशासन ने आम नागरिकों, यात्रियों और स्थानीय लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक आवागमन से बचने को कहा है। साथ ही खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। लोगों को मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से भी विशेष रूप से अनुरोध किया गया है कि वे प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *