रुद्रप्रयाग में 24 होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती शुरू, 30 जून तक करें आवेदन

रुद्रप्रयाग: युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। जनपद रुद्रप्रयाग में पुरुष एवं महिला होमगार्ड स्वयंसेवकों के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा मुख्यालय, उत्तराखंड के दिशा-निर्देशों के तहत जिला कमांडेंट होमगार्ड कार्यालय, रुद्रप्रयाग द्वारा भर्ती अभियान संचालित किया जा रहा है।

जिला कमांडेंट होमगार्ड, रुद्रप्रयाग ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में कुल 24 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें 20 पद पुरुष होमगार्ड स्वयंसेवकों तथा 4 पद महिला होमगार्ड स्वयंसेवकों के लिए निर्धारित किए गए हैं। सभी पद केवल जनपद रुद्रप्रयाग के स्थायी निवासियों से ही भरे जाएंगे।

भर्ती के इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 10 जून 2026 से 30 जून 2026 तक किसी भी कार्यालय दिवस में जिला कमांडेंट होमगार्ड कार्यालय, रुद्रप्रयाग के नोटिस बोर्ड से निःशुल्क आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा आवेदन पत्र कार्यालय के आधिकारिक फेसबुक पेज “DCHG होमगार्ड रुद्रप्रयाग” से भी डाउनलोड किया जा सकता है।

अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र भरकर व्यक्तिगत रूप से अथवा डाक के माध्यम से जिला कमांडेंट होमगार्ड कार्यालय, रुद्रप्रयाग में जमा करना होगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 रात्रि 11:59 बजे निर्धारित की गई है। इसके बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।

कार्यालय की ओर से बताया गया है कि समय-समय पर प्राप्त आवेदनों और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां फेसबुक पेज “DCHG होमगार्ड रुद्रप्रयाग” पर साझा की जाएंगी। भर्ती से संबंधित पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी भी कार्यालय और संबंधित फेसबुक पेज पर उपलब्ध है।

जिला कमांडेंट कार्यालय ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि आवेदन करने से पहले भर्ती विज्ञप्ति का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें और सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!