रुद्रप्रयाग में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 61 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

रुद्रप्रयाग: जनपद रुद्रप्रयाग में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 61 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। विभाग ने तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर जनपद में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार सघन चेकिंग और छापेमारी अभियान चला रहा है। इसी क्रम में 31 मई की शाम यात्रा मार्ग क्षेत्र में आबकारी विभाग की टीम ने विशेष अभियान चलाकर यह कार्रवाई की।

जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल ने बताया कि विभाग को क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद संवेदनशील क्षेत्रों और यात्रा मार्गों पर निगरानी बढ़ाई गई तथा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान आबकारी टीम ने दीपक सिंह और प्रकाश साही को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से कुल 36 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। वहीं दूसरी कार्रवाई में मोहम्मद साबर, पुत्र मोहम्मद मुला, को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 25 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

इस प्रकार तीनों आरोपियों से कुल 61 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई। बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। इसके लिए विभाग पूरी सतर्कता और गंभीरता के साथ लगातार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से यात्रा मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

उन्होंने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री, भंडारण या परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन या आबकारी विभाग को दें। विभाग द्वारा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे भी जनपद भर में इसी तरह चेकिंग और छापेमारी अभियान जारी रहेगा तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!