अल्मोड़ा के डुबकिया वार्ड में अवैध अतिक्रमण को लेकर बढ़ा विवाद, पार्षद अंजू बिष्ट ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार

नगर निगम अल्मोड़ा के डुबकिया वार्ड (वार्ड संख्या-03) में सार्वजनिक रास्ते, हिंदू मंदिर और क्रिया-कर्म स्थल पर कथित अवैध अतिक्रमण का मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। मामले को लेकर वार्ड पार्षद अंजू बिष्ट ने क्षेत्रवासियों के साथ मुख्यमंत्री को शिकायत पत्र सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि वार्ड क्षेत्र में एक निजी व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक मार्ग, मंदिर परिसर और क्रिया-कर्म स्थल पर अवैध कब्जा किया गया है। इसके चलते स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं धार्मिक और सामाजिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।

पार्षद अंजू बिष्ट का कहना है कि इस गंभीर जनसमस्या को लेकर पहले भी कई बार संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। प्रशासन की कथित लापरवाही और ढुलमुल रवैये को लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री के अल्मोड़ा दौरे के दौरान क्षेत्रवासियों ने इस मामले को प्रमुखता से उठाते हुए न्याय की मांग की। शिकायत पत्र में मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है कि वे मामले का स्वयं संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दें, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और बाधित सार्वजनिक मार्ग को फिर से सुचारू किया जा सके।

इस शिकायत पत्र पर पार्षद अंजू बिष्ट के साथ वार्ड के कई स्थानीय नागरिकों और गणमान्य लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। इनमें राकेश बिष्ट, पूजा, महेश, दान सिंह, राजू, शांति देवी, धीरज रावत, दीपक, काला देवी, रीमा बिष्ट, हरदयाल सिंह, मजिन्दर सिंह, खीम राज, हरीश सिंह, रणजीत सिंह, हाफिज समेत अन्य क्षेत्रवासी शामिल हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो वे आंदोलन के लिए भी बाध्य हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!