अल्मोड़ा स्थित Uday Shankar Dance and Music Academy में आयोजित राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार और सतत विकास लक्ष्यों (SDG) की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 32 संगठनों, व्यक्तियों और समूहों को सम्मानित किया गया।
समारोह में जिला स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह जनपदों को भी पुरस्कृत किया गया। रुद्रप्रयाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि उत्तरकाशी और नैनीताल संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। वहीं बागेश्वर, चमोली और टिहरी को तृतीय स्थान मिला। मुख्यमंत्री ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले कर्मयोगियों के समर्पण और मेहनत का परिणाम है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए पर्यावरण और विकास दोनों को साथ लेकर चलना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में उत्तराखंड पहले 10वें स्थान पर था, लेकिन अब राज्य पूरे देश में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सुशासन, गरीब कल्याण, सीमांत क्षेत्रों के विकास, सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य की जीडीपी में 7.23 प्रतिशत वृद्धि और प्रति व्यक्ति आय में 4.1 प्रतिशत बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है।
उन्होंने कहा कि उद्योग, स्टार्टअप, हेलीकॉप्टर सेवा, हाईवे निर्माण और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में हुए विकास के कारण राज्य में रिवर्स पलायन बढ़ा है और लोग अपने गांवों की ओर लौट रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और राज्य को श्रेष्ठ बनाने के लिए हर क्षेत्र में विशेष नीतियों के तहत कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री Ajay Tamta ने कहा कि एसडीजी रैंकिंग में उत्तराखंड का शीर्ष स्थान हासिल करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्पों का परिणाम है। वहीं प्रमुख सचिव नियोजन एवं सीईओ CPPGG डॉ. आर मीनाक्षी सुंदरम ने एसडीजी की अवधारणा और राज्य की उपलब्धियों पर विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, गोविंद पिलख्वाल, मेयर अजय वर्मा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, एसएसपी चंद्रशेखर आर घोड़के सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।











Leave a Reply