श्री केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान मंगलवार रात हुई तेज बारिश के कारण सोनप्रयाग–गौरीकुंड यात्रा मार्ग पर तीन स्थानों पर भूस्खलन हो गया, जिससे यात्रा अस्थायी रूप से बाधित हो गई। हालांकि जिला प्रशासन, NDRF, SDRF और पुलिस की तत्परता के चलते रातभर चले रेस्क्यू अभियान में हजारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया।
प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 19 मई 2026 तक 6 लाख 94 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। भारी बारिश के बाद मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं और अभियान शुरू कर दिया गया।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्थिति की लगातार निगरानी की और अधिकारियों से पल-पल की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु किया जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासनिक टीमों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद महज 30 मिनट में पैदल यात्रियों के लिए मार्ग खोल दिया। इसके साथ ही यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी रात राहत कार्य जारी रखा गया।
जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों और जेसीबी मशीनों की सहायता से मलबा हटाकर यात्रा मार्ग को पुनः सुचारु कर दिया गया है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की जानकारी और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
















Leave a Reply