सितारगंज को बड़ी सौगात: सिसौना नदी पर बनेगा 11.41 करोड़ का पुल, 50 हजार लोगों को मिलेगा लाभ

सितारगंज: मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने रविवार को सितारगंज के शक्तिफार्म क्षेत्र को सिडकुल से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण परियोजना का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने सिसौना नदी पर लगभग 11 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 150 मीटर स्पान सीसी पुल का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस पुल के निर्माण से क्षेत्र के करीब 50 हजार लोगों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुल बनने के बाद सिडकुल सितारगंज और विकासखंड कार्यालय सिसौना तक पहुंचने की दूरी लगभग 9 किलोमीटर कम हो जाएगी। इससे स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक व सामाजिक विकास को नई रफ्तार मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास और समृद्धि की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। ऊधमसिंह नगर जनपद में भी कई महत्वाकांक्षी विकास योजनाएं तेजी से संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि शक्तिफार्म में पीपीपी मॉडल के तहत आधुनिक डेयरी प्रसंस्करण इकाई स्थापित की जा रही है, जहां मिल्क पाउडर, आइसक्रीम और चीज का उत्पादन होगा। इसके अलावा प्रह्लाद पलसिया में करीब 54 करोड़ रुपये की लागत से एक्वा पार्क का निर्माण तेजी से जारी है, जिसका लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए पीएचसी को 30 बेड के सीएचसी में अपग्रेड किया गया है।

उन्होंने कहा कि सितारगंज-टनकपुर फोरलेन सड़क, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, विभिन्न मोटर मार्गों और मल्टी स्टोरी पार्किंग जैसे कई प्रोजेक्ट्स पर तेजी से काम चल रहा है। वहीं किच्छा में करीब 351 करोड़ रुपये की लागत से एम्स सैटेलाइट सेंटर का निर्माण भी प्रगति पर है। पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में भी राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ पारदर्शी प्रशासन और युवाओं को रोजगार देने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों में अवसर मिला है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री Saurabh Bahuguna ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सरकार द्वारा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्य ऐतिहासिक हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!