ऊधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र में कथित ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। खेतलसंडा खाम निवासी कुछ लोगों ने सविता बिन्जोला पत्नी शिव प्रसाद बिन्जोला और उनके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पहले उनके खिलाफ एसआईटी में शिकायत दर्ज कराई गई थी। हालांकि जांच में मामला सही नहीं पाए जाने के बाद अब उन पर पैसों के लिए दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शुरुआत में 5 लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 30 लाख रुपये कर दिया गया।
“वीडियो वायरल कर बदनाम करने की दी धमकी”
अमित राणा और अन्य प्रार्थीगणों का कहना है कि सविता बिन्जोला और उनके साथी कथित तौर पर वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल कर रहे हैं। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी जा रही है।
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, सविता बिन्जोला को दिया गया पूरा पैसा पहले ही लौटाया जा चुका है और इसके लिखित दस्तावेज भी उनके पास मौजूद हैं। इसके बावजूद लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा है।
सहयोगियों के खिलाफ पहले भी दर्ज हो चुके हैं मुकदमे
प्रार्थीगणों ने आरोप लगाया है कि मामले में शामिल एक व्यक्ति के खिलाफ हरिद्वार में आईपीसी की धारा 389, 504 और 506 के तहत पहले भी मुकदमा दर्ज हो चुका है। उनका दावा है कि संबंधित व्यक्ति पहले भी लोगों को वीडियो के जरिए डराकर पैसे वसूलने के मामलों में शामिल रहा है।
पुलिस प्रशासन से लगाई सुरक्षा की गुहार
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।














Leave a Reply