‘कन्नीडेंसी बिल’ के नाम पर कथित वसूली पर बवाल, विधायक आदेश सिंह चौहान ने बीडीओ कार्यालय में किया विरोध

उधम सिंह नगर के जसपुर क्षेत्र से ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के नाम पर ‘कन्नीडेंसी बिल’ के तहत कथित वसूली का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शिकायतें मिलने के बाद जसपुर के कांग्रेस विधायक आदेश सिंह चौहान ने मामले का संज्ञान लेते हुए सीधे खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से जवाब मांगा।

ग्राम प्रधानों की शिकायत पर हरकत में विधायक

बताया जा रहा है कि क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों के प्रधानों ने आरोप लगाया था कि विकास कार्यों के लिए जारी धनराशि में से ‘कन्नीडेंसी बिल’ के नाम पर पैसे लिए जा रहे हैं। इसी शिकायत को लेकर विधायक आदेश सिंह चौहान अपने समर्थकों और ग्राम प्रधानों के साथ बीडीओ कार्यालय पहुंचे।

बीडीओ से तीखी बहस, अधिकारियों को लगाई फटकार

कार्यालय में विधायक ने बीडीओ कमलेश कुमार कांडपाल से सीधे इस मुद्दे पर सवाल-जवाब किए। लेकिन जब उन्हें कोई स्पष्ट और संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने वहां मौजूद ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। इस दौरान माहौल काफी गरम हो गया।

जिलाधिकारी और डीपीआरओ को दी जानकारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने तुरंत जिलाधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) उधम सिंह नगर से फोन पर संपर्क कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के लिए किसी भी प्रकार की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जांच की मांग, कार्रवाई के संकेत

विधायक ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर जांच में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

प्रशासन पर बढ़ा दबाव, जांच की तैयारी

घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। अब जिला प्रशासन इस मामले में जांच की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में जुट गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *