उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र में वन विभाग और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हाथी दांत के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शक्ति फार्म क्षेत्र में की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
एक्वा पार्क के पास दबिश में गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 4 मई 2026 को शाम लगभग 7:50 बजे तराई पूर्वी वन प्रभाग के 12 कोली वन क्षेत्र, शक्ति फार्म एक्वा पार्क के पास की गई। संयुक्त टीम ने मौके पर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मृत्युंजय हालदार और मानिक मंडल के रूप में हुई है, जो दोनों शक्ति फार्म, सितारगंज के ही निवासी बताए जा रहे हैं।
हाथी दांत बरामद, कीमत लाखों में आंकी गई
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक हाथी दांत बरामद हुआ है। इसकी लंबाई लगभग 3 फीट 3 इंच और वजन करीब 7 किलो 820 ग्राम बताया गया है।
वन विभाग के मुताबिक, जब्त किए गए हाथी दांत की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये हो सकती है, जिससे यह मामला वन्यजीव तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़ा होने की आशंका को मजबूत करता है।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज
सितारगंज एसडीओ सावित्री गिरी ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 (संशोधन 2022) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा चुका है और अब मामले की गहन जांच की जा रही है।
बड़ी सफलता के रूप में देखी जा रही कार्रवाई
वन विभाग और एसटीएफ की यह संयुक्त कार्रवाई वन्यजीव तस्करी पर एक बड़ी चोट मानी जा रही है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि ऐसे अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
















Leave a Reply