उधम सिंह नगर के सितारगंज से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मीना बाजार रोड स्थित रोडवेज बस अड्डे पर खटीमा से दिल्ली जा रही बस में सीट को लेकर विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि बस चालक को यात्रियों सहित बस को सीधे थाना सितारगंज ले जाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, बस जैसे ही सितारगंज पहुंची, एक युवक नीली शर्ट पहनकर बस में चढ़ा और एक महिला यात्री के पास बैठने की जिद करने लगा। महिला अपने छोटे बच्चे के साथ सीट पर बैठी हुई थी, ऐसे में उसने युवक को बैठने से मना कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मना करने पर युवक आक्रामक हो गया और अभद्र व्यवहार करने लगा। विवाद के दौरान वह बस से नीचे उतरकर महिलाओं की वीडियो बनाने लगा, जिससे यात्रियों में गुस्सा फैल गया। देखते ही देखते मामला कहासुनी से आगे बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गया।
बस चालक जग्गा और कंडक्टर ने बताया कि आरोपी ने उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया और मारपीट करने की कोशिश की। हालात बिगड़ते देख चालक ने तुरंत बस को थाना सितारगंज ले जाकर पुलिस की मदद ली।
थाने में पहुंचने के बाद भी किसी यात्री ने लिखित शिकायत देने से इनकार कर दिया। यात्रियों का कहना था कि कानूनी प्रक्रिया में समय और परेशानी अधिक होती है, इसलिए उन्होंने मौके पर ही समझौता करना बेहतर समझा।
आरोपी युवक ने अपना नाम विकास बताया, जो रतन फार्म नंबर-2, शक्ति फार्म क्षेत्र का निवासी है। बाद में उससे माफी मंगवाकर मामला शांत कराया गया और उसे छोड़ दिया गया। वह बिना बस में चढ़े ही सितारगंज में रुक गया।
















Leave a Reply