श्री लोकपाल हेमकुंड साहिब यात्रा 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा शुरू होने से पहले पुलना क्षेत्र में घोड़ा-खच्चरों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण (हेल्थ चेकअप) और बीमा कैंप शुरू कर दिया गया है।
ईको विकास समिति भ्यूंडार के अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि इस बार यात्रा मार्ग पर संचालन के लिए घोड़ा-खच्चरों का पंजीकरण तभी किया जाएगा, जब उनके पास वैध स्वास्थ्य प्रमाण पत्र और बीमा दस्तावेज मौजूद होंगे। बिना इन जरूरी प्रमाण पत्रों के किसी भी अश्व को यात्रा मार्ग पर चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन ने पशु क्रूरता को लेकर भी कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या पशुओं के साथ दुर्व्यवहार पाए जाने पर संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, 23 मई 2026 को हेमकुंड साहिब धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इससे पहले जिला प्रशासन यात्रा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा हुआ है।
पुलना गांव में पशु चिकित्सालय द्वारा घोड़ा-खच्चरों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है, वहीं बीमा कंपनियों के माध्यम से पशुओं का बीमा भी कराया जा रहा है। प्रशासन और ईको विकास समिति ने सभी अश्व स्वामियों से अपील की है कि वे समय रहते अपने पशुओं का हेल्थ चेकअप और बीमा कराकर यात्रा के लिए तैयार रहें।
यह कदम न केवल यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाएगा, बल्कि पशुओं के स्वास्थ्य और संरक्षण को भी सुनिश्चित करेगा।













Leave a Reply