काशीपुर को काशी की तरह चमकाने का लक्ष्य: मुख्यमंत्री धामी ने विकास कार्यों को दी तत्काल स्वीकृति

काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर नगर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने खटीमा स्थित हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया और इसके बाद मुख्यमंत्री आवास में औपचारिक रूप से विकास कार्यों से संबंधित मांग पत्र सौंपा।

मुख्यमंत्री धामी ने इस मांग पत्र को गंभीरता से लेते हुए काशीपुर नगर निगम क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए शहरी अवस्थापना विकास निधि से 23 करोड़ 44 लाख रुपये की धनराशि को तत्काल स्वीकृति प्रदान कर दी। साथ ही उन्होंने शहरी विकास विभाग के निदेशक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए।

महापौर दीपक बाली ने बताया कि वर्ष 2018 में नगर निगम काशीपुर के विस्तार के बाद लगभग 40 गांवों को जोड़कर 20 नए वार्ड बनाए गए थे। इन क्षेत्रों में सड़क, नाली, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की अभी भी कमी बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के कारण इन इलाकों में विकास कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो पाए थे, लेकिन अब एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। प्रस्तावित 23.44 करोड़ रुपये की धनराशि से इन क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के कार्य तेजी से शुरू किए जाएंगे।

महापौर दीपक बाली ने मुख्यमंत्री धामी के त्वरित निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि वे काशीपुर के विकास के प्रति लगातार संवेदनशील और सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले ही काशीपुर को “काशी की तरह सजाने और संवारने” की बात कही थी, जो अब धरातल पर दिखाई दे रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री धामी जब भी किसी विकास योजना के लिए प्रस्ताव दिया जाता है, वे उसे गंभीरता से लेकर तुरंत स्वीकृति प्रदान करते हैं, जिससे क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं।

महापौर के अनुसार, आने वाले समय में सैकड़ों करोड़ रुपये की विकास योजनाएं काशीपुर को एक नया स्वरूप देंगी और शहर एक विकसित, स्वच्छ और आधुनिक नगरी के रूप में उभरेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!