किच्छा में सड़क विस्तार के चलते मां काली मंदिर का ढांचा हटाया गया, प्रशासन और श्रद्धालुओं में बनी सहमति

ऊधम सिंह नगर के किच्छा क्षेत्र में चल रहे सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत हल्द्वानी बाईपास पर स्थित एक प्राचीन मां काली मंदिर को हटाया गया। करीब पांच दशक पुराने इस मंदिर का ढांचा प्रशासन ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत ध्वस्त कराया।

जानकारी के मुताबिक, यह मंदिर लोक निर्माण विभाग (PWD) की भूमि पर बना हुआ था, जिससे किच्छा–पंतनगर मार्ग के विस्तार कार्य में रुकावट आ रही थी। परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए प्रशासन ने मंदिर समिति और आनंद अखाड़ा को पहले ही नोटिस जारी कर वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा था।

इसके बाद प्रशासन और आनंद अखाड़ा के बीच कई दौर की बातचीत हुई, जिसमें आपसी सहमति से यह तय किया गया कि मां काली की मूर्ति को पास के ही एक अन्य मंदिर में विधिवत स्थापित किया जाएगा।

निर्णय के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने धार्मिक आस्था के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली। पूरे रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के बीच मां काली की मूर्ति को नए स्थान पर स्थापित किया गया।

मूर्ति के स्थानांतरण के बाद रविवार सुबह प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में बुल्डोजर की मदद से मंदिर के शेष ढांचे को हटा दिया गया। इस दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहा।

प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के इस कार्य से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और स्थानीय लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *