ऊधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र में शिक्षा का अधिकार (RTE) के तहत निजी स्कूलों में हुए दाखिलों को लेकर विवाद सामने आया है। वार्ड नंबर 6, लोहियाहेड रोड के ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए लॉटरी प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाया है।
अभिभावकों का कहना है कि अमाऊ क्षेत्र में स्थित स्कूलों के पास रहने वाले गरीब परिवारों के बच्चों को प्रवेश नहीं मिला, जबकि दूर रहने वाले बच्चों के नाम सूची में शामिल हैं। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
रीना यादव और चंद्र परिहार सहित कई अभिभावकों ने बताया कि उन्होंने अपने बच्चों के बेहतर भविष्य की उम्मीद में आवेदन किया था, लेकिन परिणाम देखकर उन्हें निराशा हाथ लगी। उनका कहना है कि प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौजूदा लॉटरी को रद्द कर निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से दोबारा चयन प्रक्रिया कराई जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
एसडीएम तुषार सैनी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी को जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर उचित कदम उठाए जाएंगे।
















Leave a Reply