देहरादून पुलिस ने अवैध गौ-मांस तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 500 किलोग्राम अवैध गौ-मांस बरामद किया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत रायवाला पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही वैन को भी सीज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, रायवाला थाना क्षेत्र के नेपाली फार्म तिराहे पर नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हरिद्वार की ओर से एक संदिग्ध वैन आ रही है। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय तेज रफ्तार से छिद्दरवाला की ओर भागने की कोशिश की। पीछा करने के दौरान वैन एक ट्रक से टकरा गई, जिससे चालक वाहन में फंस गया।
पुलिस टीम ने चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वैन से 10 कट्टों में रखा करीब 500 किलो पशु मांस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान मोहम्मद अमन के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह बिजनौर से मांस लेकर देहरादून के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करने जा रहा था।
मामले की पुष्टि के लिए मौके पर पशु चिकित्साधिकारी को बुलाया गया। पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान बरामद खाल, खुर और अन्य अवशेषों के आधार पर मांस के गौवंशीय होने की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के दो अन्य साथी मोटरसाइकिल से वैन के पीछे चल रहे थे। पुलिस कार्रवाई होते ही दोनों मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। बरामद गौ-मांस और तस्करी में प्रयुक्त वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
देहरादून पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और गौ-मांस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच भी की जा रही है।
















Leave a Reply