रोजगार मेला रद्द होने पर युवाओं का फूटा गुस्सा, सरकार का पुतला फूंककर किया प्रदर्शन

रुड़की: झबरेड़ा में आयोजित होने वाला बहुप्रतीक्षित रोजगार मेला अंतिम समय पर रद्द किए जाने के बाद युवाओं का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। बड़ी संख्या में पहुंचे बेरोजगार युवाओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया।

जानकारी के अनुसार, झबरेड़ा विधायक और उत्तराखंड सरकार के सहयोग से लगभग 40 कंपनियों की भागीदारी वाला एक रोजगार मेला आयोजित किया जाना था। इस मेले से क्षेत्र के हजारों युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद थी। हालांकि, कार्यक्रम से एक दिन पहले शाम को सरकार की ओर से मेला निरस्त करने के आदेश जारी कर दिए गए।

इसके बावजूद गुरुवार को हजारों युवा निर्धारित स्थल पर पहुंच गए। जब वहां रोजगार मेले का कोई आयोजन नहीं मिला तो युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया और रोजगार मेला रद्द करने के फैसले का विरोध किया।

प्रदर्शन कर रहे युवाओं का आरोप था कि भाजपा सरकार बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के प्रति गंभीर नहीं है। उनका कहना था कि यदि यह रोजगार मेला आयोजित होता तो केवल झबरेड़ा ही नहीं, बल्कि आसपास की कई विधानसभा क्षेत्रों के युवाओं को भी नौकरी मिलने का अवसर मिलता।

युवाओं ने सरकार पर बारिश का हवाला देकर रातों-रात रोजगार मेला रद्द करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि यह फैसला हजारों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि युवाओं के साथ इसी तरह का व्यवहार जारी रहा तो इसका जवाब वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में दिया जाएगा।

रोजगार मेला रद्द होने को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है। वहीं, प्रदर्शनकारी युवाओं ने सरकार से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और रोजगार मेले को जल्द दोबारा आयोजित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!