चलती कार में लगी भीषण आग, कुछ ही मिनटों में जलकर राख हुई नई कार, दमकल ने पाया आग पर काबू

रुड़की: हरिद्वार-रुड़की मार्ग पर मंगलौर क्षेत्र के नगला इमरती के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती हुई एक कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में अचानक धुआं उठने लगा। चालक ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत वाहन रोक दिया और सुरक्षित बाहर निकल आया। इसके बाद आग तेजी से फैल गई, जिससे आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कार हाल ही में खरीदी गई थी। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो सकती है। मामले की जांच की जा रही है।

गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। समय रहते चालक के वाहन से बाहर निकल जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!