रुड़की: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में आयोजित “युवा संवाद कार्यक्रम” में प्रदेश के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड का युवा ही राज्य और देश के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा, नवाचार तथा प्रतिभा विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने युवाओं को केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि विकसित भारत का सबसे मजबूत स्तंभ मानते हुए शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी पहलें युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां युवाओं को रोजगार और अवसरों के लिए पलायन न करना पड़े। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना और हाउस ऑफ हिमालयाज जैसी पहलें स्थानीय युवाओं और उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिला रही हैं। इसके अलावा स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, कीवी मिशन, नई पर्यटन नीति, होम-स्टे, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार जैसी योजनाएं भी रोजगार के नए अवसर सृजित कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य सरकार की नीतियों के कारण उत्तराखंड की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। उन्होंने यह भी कहा कि नीति आयोग के सतत विकास सूचकांक में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है। साथ ही प्रदेश में रिवर्स माइग्रेशन का सकारात्मक माहौल बन रहा है और युवा अपने अनुभव व कौशल के साथ वापस लौटकर उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए उत्तराखंड में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इस कानून के लागू होने के बाद भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ी है और पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 20 मॉडल कॉलेजों की स्थापना, महिला छात्रावास, आधुनिक आईटी लैब, परीक्षा भवन और उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। वहीं पिछले साढ़े चार वर्षों में 20 हजार से अधिक नए उद्योगों की स्थापना से रोजगार और निवेश के नए अवसर भी पैदा हुए हैं।
युवाओं के सवालों का दिया जवाब
‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से सीधा संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए।
भुनेश गोयल के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और स्टार्टअप से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। वहीं रिया वंदना द्वारा सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर सेल लगातार सक्रिय है और अफवाह फैलाने तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सोनालिका द्वारा वर्ष 2027 के कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर पूछे गए प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कुंभ मेले को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी कर रही है। उन्होंने बताया कि भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, घाटों के विस्तार और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक, ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित निगरानी प्रणाली का भी उपयोग किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक गौरव कौशिक ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
















Leave a Reply