रुड़की: उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) द्वारा निर्मित आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का लोकार्पण किया। करीब 3 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से तैयार इस स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में खिलाड़ियों को अत्याधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध कराई गई खेल सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षकों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं और सुझावों की भी जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उनका कहना था कि आधुनिक खेल अवसंरचना युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपने ही जिले में बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर मिल सके। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को मिले नए प्रोत्साहन का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार अपनी खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि नए स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स से हरिद्वार, रुड़की और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
खिलाड़ियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
एचआरडीए द्वारा निर्मित इस आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में इनडोर खेलों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। परिसर में आधुनिक जिम, बैडमिंटन कोर्ट और अन्य आवश्यक खेल संसाधनों की व्यवस्था की गई है। यह कॉम्पलेक्स नियमित अभ्यास, पेशेवर प्रशिक्षण और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी उपयोगी साबित होगा।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की नगर निगम की मेयर अनीता अग्रवाल, मेलाधिकारी कुंभ सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल सहित जनप्रतिनिधि, खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
















Leave a Reply