रुड़की: लगातार हो रही बारिश के बीच रुड़की के अंबर तालाब क्षेत्र से नगर निगम की लापरवाही की तस्वीर सामने आई है। जलभराव के कारण सड़क पूरी तरह पानी में डूब गई, जिससे एक बुलेट सवार युवक खुले नाले को नहीं देख सका और उसमें जा गिरा।
राहत की बात यह रही कि युवक ने समय रहते खुद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि उसकी बाइक नाले में फंस गई, जिसे बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास किए।
जब बाइक नहीं निकली तो जेसीबी मशीन बुलाकर उसे नाले से बाहर निकाला गया। इस दौरान मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि खुले नालों की वजह से हर बारिश में लोगों की जान जोखिम में पड़ जाती है। उनका कहना है कि समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए।
यह घटना प्रशासन के लिए एक गंभीर चेतावनी है। यदि खुले नालों को सुरक्षित नहीं किया गया और जल निकासी व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में ऐसे हादसे और भी गंभीर रूप ले सकते हैं।
















Leave a Reply