जन निर्माण पार्टी भाजपा की ‘बी टीम’, कांग्रेस के वोट काटने के लिए बनाई गई: जितेंद्र पंवार

खानपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में रुड़की के एक निजी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और खानपुर विधानसभा सीट से टिकट के दावेदार जितेंद्र पंवार ने जन निर्माण पार्टी, खानपुर विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन पर तीखा हमला बोला।

जितेंद्र पंवार ने आरोप लगाया कि विधायक उमेश कुमार की पत्नी द्वारा गठित जन निर्माण पार्टी वास्तव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की “बी टीम” है। उन्होंने कहा कि इस पार्टी का गठन कांग्रेस के वोटों में सेंध लगाने और विपक्षी मतदाताओं को भ्रमित करने के उद्देश्य से किया गया है।

पंवार ने दावा किया कि जन निर्माण पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के संबंध मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जुड़े हुए हैं, जिससे इसकी राजनीतिक मंशा पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि यह पार्टी स्वतंत्र राजनीतिक विकल्प नहीं बल्कि भाजपा की रणनीति का हिस्सा है।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को भी निशाने पर लिया। पंवार ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक रहने के दौरान चैंपियन क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य कराने में विफल रहे और जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं कर पाए।

खानपुर क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं बताते हुए जितेंद्र पंवार ने कहा कि उनका सबसे बड़ा लक्ष्य क्षेत्र में लंबे समय से चले आ रहे “नदी के ऊपर” और “नदी के नीचे” के विभाजन को समाप्त करना होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय एकता और समान विकास उनकी राजनीति का मुख्य आधार रहेगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर मजबूती से चुनावी मैदान में उतरेगी और खानपुर की जनता विकास तथा पारदर्शिता के आधार पर अपना निर्णय करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!