रुड़की में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुना पीएम मोदी का ‘मन की बात’, कहा- जनभागीदारी से बनेगा विकसित भारत

रुड़की: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रुड़की में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश में जनभागीदारी को मजबूत करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का एक प्रभावी माध्यम बन चुका है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में देशभर में जनसहयोग से हो रहे प्रेरणादायी कार्यों, पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन, नवाचार, युवाओं की भागीदारी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। साथ ही उन्होंने नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘सबका प्रयास’ का संदेश विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में समाज के प्रत्येक वर्ग को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि जब हर नागरिक राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएगा, तभी देश तेज़ी से विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में जनकल्याण, सुशासन, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, युवा सशक्तिकरण, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार की विभिन्न योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की नगर निगम की मेयर अनीता अग्रवाल, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, श्यामवीर सैनी, आदेश सैनी, शोभाराम प्रजापति, भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!