रुड़की में पिछले कई दिनों से चर्चा का विषय बने विवाद पर आखिरकार विराम लग गया। खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने दलित समाज के प्रति की गई कथित अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज के मामले में सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली। यह घटनाक्रम शांतरशाह में आयोजित दलित समाज की बैठक के दौरान सामने आया।
बैठक में बड़ी संख्या में दलित समाज के लोग मौजूद रहे। मंच से संबोधित करते हुए चैंपियन ने अपने शब्दों पर खेद व्यक्त किया और कहा कि यदि उनकी किसी बात से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह उसके लिए क्षमा चाहते हैं। उनके इस बयान को उपस्थित लोगों ने गंभीरता से सुना।
कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के दर्जाधारी मंत्री देसराज कर्णवाल भी मौजूद रहे। उनके साथ कई सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया। बैठक का उद्देश्य विवाद को समाप्त कर सामाजिक सौहार्द बनाए रखना बताया गया।
बीते दिनों इस मामले को लेकर प्रदेशभर में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर काफी चर्चा रही। दलित समाज के कई संगठनों ने सार्वजनिक माफी की मांग की थी। ऐसे में चैंपियन का यह कदम विवाद को शांत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि इस सार्वजनिक माफी के बाद दलित समाज और विभिन्न संगठनों की आगे क्या प्रतिक्रिया रहती है। फिलहाल इस घटनाक्रम को क्षेत्र की राजनीति में एक अहम मोड़ के रूप में देखा जा रहा है।
















Leave a Reply