रुड़की: खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन द्वारा कथित रूप से दलित समाज के खिलाफ अभद्र भाषा के इस्तेमाल का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस बीच वरिष्ठ भाजपा नेता सुबोध राकेश ने इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ी नाराजगी जताते हुए प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन किया है।
सुबोध राकेश ने कहा कि दलित समाज के प्रति अपमानजनक और अभद्र टिप्पणी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि लक्सर कोतवाली में पूर्व विधायक के खिलाफ दर्ज किया गया मुकदमा पूरी तरह उचित है और प्रशासन ने सही कदम उठाया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की बयानबाजी से दलित समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और लोगों में भारी आक्रोश है। उनका कहना था कि समाज में सौहार्द बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है।
वरिष्ठ भाजपा नेता ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से भी बातचीत की है और मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल करने का साहस न कर सके।
उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और किसी भी व्यक्ति को समाज के किसी वर्ग के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।










Leave a Reply