कलियर में फर्जी वोटिंग का आरोप: विधायक हाजी फुरकान अहमद ने मतदाता सूची की उच्च स्तरीय जांच की मांग

रुड़की: कलियर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। कांग्रेस विधायक हाजी फुरकान अहमद ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए इसकी उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते फर्जी नामों को नहीं हटाया गया तो निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

विधायक हाजी फुरकान अहमद के अनुसार, कलियर विधानसभा के बूथ संख्या-48 (शांतरशाह) की मतदाता सूची में कई गंभीर विसंगतियां सामने आई हैं। उन्होंने दावा किया कि सूची में एक ही नाम ‘रामदेव’ को बड़ी संख्या में मतदाताओं के पिता के रूप में दर्ज किया गया है। उनका आरोप है कि ऐसे मतदाताओं की संख्या 100 से अधिक है और अधिकांश के मकान नंबर भी ‘शून्य’ (0) दर्ज किए गए हैं, जिससे मतदाता सूची की विश्वसनीयता पर सवाल उठते हैं।

विधायक ने निर्वाचन अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कथित फर्जी मतदाताओं के नाम तत्काल हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए केवल वास्तविक और पात्र मतदाताओं को ही मतदान का अधिकार मिलना चाहिए।

भाजपा सरकार पर भी साधा निशाना

इस दौरान विधायक हाजी फुरकान अहमद ने भाजपा सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन चुका है और जनता बदलाव चाहती है। उनके अनुसार भाजपा सरकार अपने चुनावी वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता महंगाई और बेरोजगारी जैसी समस्याओं से जूझ रही है, जबकि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा भी केवल चुनावी घोषणा बनकर रह गया।

आगामी चुनाव को लेकर जताया भरोसा

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विधायक ने विश्वास जताया कि कलियर की जनता एक बार फिर उन पर भरोसा जताएगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस को प्रदेशभर में जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और कलियर विधानसभा से उन्हें पहले से भी अधिक मतों के अंतर से जीत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!