पीएम मोदी की ‘मन की बात’ बूथ स्तर पर सुनी गई, महेंद्र भट्ट ने जल संरक्षण और पर्यावरण बचाने का दिया संदेश

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को प्रदेशभर में बूथ स्तर पर व्यापक जनसहभागिता के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुनने के बाद प्रदेशवासियों से वर्षा जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की।

महेंद्र भट्ट ने राजपुर विधानसभा के करनपुर मंडल के बूथ संख्या-75 पर कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। इस दौरान उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देशवासियों को प्रेरित करने, समाज को जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाने का एक प्रभावी मंच बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचार हर नागरिक को देशहित में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए ‘कैच द रैन’ अभियान के संदेश को दोहराते हुए कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में वर्षा जल का संरक्षण बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को बारिश की हर एक बूंद बचाने का संकल्प लेना चाहिए। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण ही आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और हरित भविष्य देने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश को अपनाने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि खादी, हैंडलूम और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देकर न केवल स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों को मजबूती मिलेगी, बल्कि आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी नई गति मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा को पहले से अधिक भव्य और जनसहभागिता वाला बनाने के लिए अभी से तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

इसी क्रम में भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भी बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन तथा चंडी प्रसाद बेलवाल सहित अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने और समाजहित के अभियानों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!