पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि देने पहुंचे गणेश जोशी, परिवार से मिलकर जताया शोक

देहरादून: उत्तराखंड के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर प्रदेशभर में शोक की लहर है। रविवार को उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून स्थित सेवक आश्रम रोड पर उनके निजी आवास पहुंचकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों, समर्थकों और शुभचिंतकों से मुलाकात कर दुख की इस घड़ी में अपना सांत्वना संदेश दिया।

श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए गणेश जोशी ने कहा कि स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट का सार्वजनिक जीवन जनसेवा, सादगी और समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और उत्तराखंड की राजनीति में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट ने अपने कार्यों और व्यवहार से समाज में एक अलग पहचान बनाई। उनका योगदान प्रदेश की राजनीतिक और सामाजिक यात्रा में हमेशा याद किया जाएगा। गणेश जोशी ने कहा कि उनका निधन उत्तराखंड के सार्वजनिक जीवन के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

कैबिनेट मंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की। उनके आवास पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का भी श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए पहुंचना लगातार जारी रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!