कृषि मंत्री गणेश जोशी ने तकनीकी कर्मचारियों की मांगों पर दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के तकनीकी कर्मचारियों की लंबित मांगों को गंभीरता से लेते हुए सचिव कृषि को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को उनके कैंप कार्यालय में हुई बैठक के दौरान इन मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया, जिस पर मंत्री ने प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

शुक्रवार को राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार ने कृषि मंत्री गणेश जोशी से उनके कैंप कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग उत्तराखंड के तकनीकी कर्मचारी संघ की ओर से विभिन्न मांगों से जुड़ा ज्ञापन कृषि मंत्री को सौंपा। ज्ञापन में कर्मचारियों की सेवा संबंधी कई महत्वपूर्ण मांगों को शामिल किया गया।

तकनीकी कर्मचारी संघ ने मांग की कि विभाग के तकनीकी कर्मचारियों को भी कृषि विभाग के फील्ड कर्मचारियों की तरह वाहन भत्ता दिया जाए। इसके अलावा उद्यान पर्यवेक्षक (वर्ग-3), सहायक विकास अधिकारी (वर्ग-2) और ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक (वर्ग-1) के वेतनमान में संशोधन करने की भी मांग रखी गई। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से वेतन विसंगतियों के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में विभाग में लंबे समय से रिक्त पड़े 415 आउटसोर्स उद्यान सहायक और माली के पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की भी मांग की गई। कर्मचारी संघ का कहना है कि इन पदों के खाली रहने से विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं और मौजूदा कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ रहा है।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए सचिव कृषि को मामले में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान सरकार की प्राथमिकता है और विभागीय कार्यों को अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि नियमों के अनुरूप सभी मांगों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!