उत्तराखंड के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गुरुवार सुबह गंगा नदी में स्नान के दौरान एक 22 वर्षीय युवक तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। सूचना मिलते ही SDRF, लक्ष्मणझूला पुलिस और जल पुलिस ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान शुरू कर दिया। देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था और तलाश लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 10 बजे बजरंग सेतु के पास स्थित घाट पर हुई। युवक अपने तीन दोस्तों के साथ घूमने के लिए लक्ष्मणझूला आया था। सभी गंगा में स्नान करने उतरे थे, तभी अचानक एक युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बह गया। साथ मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ ही क्षणों में नदी की गहराइयों में ओझल हो गया।
सूचना मिलने के बाद SDRF पोस्ट ढालवाला की टीम डीप डाइविंग उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल पर नदी की गहराइयों में सघन सर्च अभियान चलाया। इसके साथ ही बजरंग सेतु से लेकर पशुलोक बैराज तक संभावित स्थानों पर भी लगातार खोजबीन की जा रही है। फिलहाल युवक का कोई पता नहीं चल पाया है।
लापता युवक की पहचान शिवांशु राज (22 वर्ष) पुत्र अनूप पांडे के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पश्चिम चंपारण (बेतिया), बिहार का निवासी था। वर्तमान में वह नेहरू प्लेस, नई दिल्ली में रहकर एक निजी कंपनी में कार्यरत था। घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है।
SDRF ने वर्षा ऋतु के दौरान गंगा नदी में बढ़े जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए श्रद्धालुओं और पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। एजेंसी ने कहा है कि लोग केवल निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें, प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों का कहना है कि लापता युवक की तलाश के लिए अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक उसका पता नहीं चल जाता।














Leave a Reply