देहरादून: बद्रीनाथ धाम में कथित चढ़ावा चोरी मामले को लेकर उत्तराखंड की राजनीति गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रेस वार्ता कर बद्री-केदार मंदिर समिति (BKTC) और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि मामले में गिरफ्तार दूसरे आरोपी के कथित खुलासे से इस पूरे प्रकरण की कड़ियां शीर्ष स्तर तक जुड़ती दिखाई दे रही हैं। साथ ही उन्होंने BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी से तत्काल इस्तीफे की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में गणेश गोदियाल ने कहा कि बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला केवल कुछ कर्मचारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी निष्पक्ष और गहन जांच की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि गिरफ्तार आरोपी राजेंद्र चौहान ने जांच के दौरान कथित रूप से बताया है कि उसे निर्देश प्रमोद नौटियाल से मिलते थे और नौटियाल को BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी से आदेश प्राप्त होते थे। गोदियाल ने कहा कि यदि इन आरोपों में सच्चाई है तो यह बेहद गंभीर मामला है और इसकी स्वतंत्र जांच होनी चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इतने संवेदनशील मामले पर सरकार की ओर से स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आना कई सवाल खड़े करता है। गोदियाल ने आरोप लगाया कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो जनता के मन में संदेह और गहरा होगा।
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि भगवान बद्रीनाथ के नाम पर आने वाले राशन और धन का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है। गोदियाल ने कहा कि उन्होंने पहले भी इस मुद्दे को उठाया था, लेकिन सरकार ने जवाब देने के बजाय पुराने मामलों का हवाला देकर ध्यान भटकाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार इस पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच की मांग करती रही है।
गणेश गोदियाल ने मांग की कि पूरे मामले की जांच किसी उच्च स्तरीय स्वतंत्र समिति से कराई जाए, जिसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट या हाई कोर्ट के किसी वर्तमान न्यायाधीश द्वारा की जाए। उन्होंने कहा कि इससे जांच की निष्पक्षता बनी रहेगी और श्रद्धालुओं का विश्वास भी कायम रहेगा। साथ ही उन्होंने BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने या सरकार द्वारा उन्हें पद से हटाने की मांग दोहराई।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, प्रवक्ता अभिनव थापर, राजेश चमोली, अमरजीत सिंह और अश्वनी बहुगुणा सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।














Leave a Reply