महिलाओं पर आपत्तिजनक पोस्ट करना पड़ा भारी, दून पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को किया गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणियां करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। दून पुलिस ने शिकायत मिलने के महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पोस्ट महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था को भी प्रभावित कर सकती थीं।

मामला देहरादून के डालनवाला थाना क्षेत्र का है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। शिकायत में आरोप लगाया गया कि “पहाड़ी प्रेमी राजेन्द्र उत्तराखण्डी” नाम से संचालित फेसबुक अकाउंट के जरिए महिलाओं के खिलाफ अश्लील, आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियां की गईं। शिकायत के अनुसार इन पोस्टों से महिलाओं की भावनाएं आहत हुईं और समाज में तनाव का माहौल बनने की आशंका पैदा हो गई।

शिकायत मिलते ही डालनवाला पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के साथ स्त्री अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत भी कार्रवाई शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

जांच के दौरान आरोपी की पहचान राजेन्द्र सिंह रावत के रूप में हुई, जो मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल का निवासी है और वर्तमान में दिल्ली में रह रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार आरोपी की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर महिलाओं में काफी नाराजगी थी और इससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई थी।

पुलिस ने आरोपी को बीएनएसएस (BNSS) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया। दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!