मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने किया लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना का निरीक्षण, 2031 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य

उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परियोजना के विभिन्न निर्माण स्थलों का दौरा किया और उत्तराखंड जल विद्युत निगम (यूजेवीएनएल) तथा निर्माण एजेंसी एलएंडटी (L&T) के अधिकारियों को वर्ष 2031 तक परियोजना का निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही समय पर लक्ष्य हासिल करने के लिए मशीनरी और मैनपावर बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना राष्ट्रीय महत्व की परियोजना है, जिससे उत्तराखंड सहित कई राज्यों को सिंचाई, पेयजल और जलविद्युत उत्पादन के क्षेत्र में बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने परियोजना की प्रगति में तेजी लाने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों से अगले दो से तीन दिनों के भीतर विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा। उल्लेखनीय है कि पहले इस परियोजना को दिसंबर 2034 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया था, जिसे अब वर्ष 2031 तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी के लिए पीईआरटी (PERT) चार्ट तैयार कर उसका शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना की गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही सभी आवश्यक तकनीकी परीक्षण विशेषज्ञों की देखरेख में समय पर पूरे किए जाएं, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे बढ़ सके।

उन्होंने कार्यदायी संस्था एलएंडटी और उत्तराखंड जल विद्युत निगम के अधिकारियों को परियोजना स्थल पर नियमित रूप से मौजूद रहकर दैनिक, पाक्षिक और मासिक समीक्षा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा केंद्रीय जल आयोग द्वारा अपेक्षित सभी तकनीकी परीक्षण जल्द से जल्द पूरे कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को भी कहा गया। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि परियोजना को तय समय सीमा में पूरा करना सभी संबंधित संस्थाओं की साझा जिम्मेदारी है।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने अधिग्रहीत भूमि के मुआवजे के वितरण में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों से लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण कर परियोजना से जुड़े सभी प्रशासनिक और सामाजिक मुद्दों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक ए. के. सिंह, एलएंडटी के महाप्रबंधक प्रभु कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर विष्णु मोहन श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!