लगातार हो रही बारिश के चलते हल्द्वानी स्थित गौला बैराज का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही भारी वर्षा का असर अब मैदानी इलाकों में भी साफ दिखाई दे रहा है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है और सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11:00 बजे तक गौला बैराज में जलस्तर 90,164 दर्ज किया गया। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण गौला नदी उफान पर है, जिससे नदी किनारे बसे इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।
नैनीताल की जिलाधिकारी ने सभी आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। स्पष्ट आदेश जारी किए गए हैं कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का मोबाइल फोन बंद मिलने पर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करना है।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को गौला बैराज से नियंत्रित तरीके से पानी छोड़ने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि अचानक जलस्तर बढ़ने की स्थिति से बचा जा सके। इसके साथ ही गौला नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। मौसम विभाग द्वारा जारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों के आसपास जाने से बचें, अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें।
स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन, सिंचाई विभाग और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से निगरानी कर रहे हैं, ताकि किसी भी संभावित आपदा से समय रहते प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
















Leave a Reply