हल्द्वानी में विकास कार्यों की समीक्षा, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के लिए शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में उन्होंने मानसून से पहले सभी अधूरे कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि पेयजल, सीवर, विद्युत, गैस पाइपलाइन और ऑप्टिकल फाइबर बिछाने के लिए जिन सड़कों की खुदाई की गई है, उन्हें जल्द से जल्द पूर्व स्थिति में लाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधूरी खुदाई के कारण लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को जलभराव रोकने के लिए नालों की सफाई, डिसिल्टिंग और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। निचले इलाकों में विशेष निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर पंपिंग व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया।

राम सिंह कैड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हल्द्वानी के विकास के लिए 2200 करोड़ रुपये की योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह परियोजनाएं शहर की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

बैठक के बाद मंत्री ने एडीबी के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की हिदायत दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!