पिथौरागढ़ दौरे पर ADG ने सीमांत सुरक्षा व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, पुलिस अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के दौरे पर पहुंचे अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरूगेशन ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस कार्यप्रणाली और पुलिस कर्मियों के कल्याण संबंधी व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

अपने भ्रमण के दौरान एडीजी ने 1 जुलाई 2026 को कोतवाली मुनस्यारी और चौकी मदकोट का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, अभिलेखों, शस्त्रागार, बैरक, भोजनालय, साफ-सफाई व्यवस्था और पुलिस कर्मियों को उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।

सीमांत सुरक्षा और सतर्कता पर दिया विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान डॉ. वी. मुरूगेशन ने सीमांत क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात पुलिस बल को हर समय सतर्क रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों के साथ संवेदनशील एवं सकारात्मक व्यवहार बनाए रखने, जनसंपर्क बढ़ाने तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

अपराध नियंत्रण और आपदा प्रबंधन पर भी रहा फोकस

एडीजी ने अपराध नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सीमांत जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए सभी इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय और तत्परता आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान सीओ धारचूला के.एस. रावत, एसओ मुनस्यारी अनिल आर्या सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!