रामनगर में दर्दनाक सड़क हादसा: कार की टक्कर से युवक की मौत, दूसरा जिंदगी की जंग लड़ रहा

रामनगर में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। नेशनल हाईवे-309 पर पीरुमदारा के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, ऊधम सिंह नगर के प्रतापपुर निवासी रविंद्र और कपिल बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे पीरुमदारा के समीप पहुंचे, सामने से आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि काशीपुर के एक निजी अस्पताल ले जाते समय रविंद्र ने रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं कपिल का इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अज्ञात कार और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है ताकि आरोपी वाहन की पहचान की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!