पीएम मोदी से प्रेरित होकर 4 हजार किमी साइकिल चला चुके नवीन ठाकुर, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने बढ़ाया उत्साह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और ऊर्जा संरक्षण की अपील से प्रेरित होकर साइकिल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने वाले भाजपा कार्यकर्ता नवीन ठाकुर के प्रयासों की केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने सराहना की। जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर हुई मुलाकात के दौरान नड्डा ने नवीन ठाकुर को उनके अभियान के लिए शुभकामनाएं देते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बताया।

दरअसल, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर नवीन ठाकुर हमेशा की तरह साइकिल से ही वहां पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान भी मौजूद रहे। नड्डा ने नवीन से बातचीत कर उनके अभियान की जानकारी ली और उनके समर्पण की प्रशंसा की।

नवीन ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 10 मई 2026 को देशवासियों से ईंधन बचाने की अपील किए जाने के बाद उन्होंने स्थानीय यात्राओं के लिए साइकिल को अपना नियमित परिवहन साधन बना लिया। तब से अब तक वे करीब 4 हजार किलोमीटर से अधिक साइकिल चला चुके हैं और लोगों को ऊर्जा संरक्षण का संदेश दे रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सहसपुर, विकासनगर, डाकपत्थर और देहरादून स्थित भाजपा कार्यालय सहित आसपास के सभी स्थानीय कार्यों के लिए वे केवल साइकिल का उपयोग करते हैं। उनके घर से भाजपा प्रदेश कार्यालय की दूरी लगभग 37 किलोमीटर है और वे प्रतिदिन लगभग 70 से 80 किलोमीटर तक साइकिल चलाकर संगठनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं। वहीं दूरस्थ जिलों की यात्राओं के लिए वे चारपहिया वाहन के बजाय दोपहिया वाहन का उपयोग करते हैं, जिससे ईंधन की खपत को कम किया जा सके।

इस अवसर पर जेपी नड्डा ने कहा कि साइकिल केवल ईंधन बचाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, बेहतर स्वास्थ्य और यातायात का दबाव कम करने का भी प्रभावी विकल्प है। उन्होंने कहा कि यदि अधिक से अधिक लोग छोटी दूरी की यात्रा के लिए साइकिल अपनाएं तो इससे देश में ऊर्जा संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और स्वस्थ जीवनशैली को एक साथ बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने नवीन ठाकुर के प्रयास को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “ऊर्जा संरक्षण और राष्ट्रहित” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाली प्रेरक पहल बताया।

नवीन ठाकुर का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल स्वयं साइकिल चलाना नहीं, बल्कि अधिक से अधिक लोगों को भी छोटी दूरी की यात्रा के लिए साइकिल अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उनका मानना है कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव की नींव रखते हैं और यही अभियान देश में ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा दे सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!