देशभर में लगातार सामने आ रहे प्रश्नपत्र लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मसूरी (ग्रामीण) ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ब्लॉक अध्यक्ष रितेश जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट के माध्यम से भेजकर परीक्षा प्रणाली में सुधार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
रितेश जोशी ने आरोप लगाया कि NEET परीक्षा में हुई धांधली सरकार की साजिश का हिस्सा है, जिससे लाखों मेहनती छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्षों की कड़ी मेहनत के बावजूद प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार प्रश्नपत्र लीक, परीक्षाओं का निरस्तीकरण, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और नकल माफिया के सक्रिय नेटवर्क के कारण युवाओं में निराशा और असुरक्षा का माहौल बन गया है। इससे सरकारी संस्थाओं की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
ज्ञापन में कहा गया कि NEET, NTA, CBSE सहित विभिन्न भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं से जुड़े विवादों ने देशभर के युवाओं का विश्वास कमजोर किया है। उत्तराखंड की प्रतिभाशाली छात्रा रिया कुमारी थापा की आत्महत्या का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शिक्षा और रोजगार से जुड़ा बढ़ता संकट अब युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य को भी गंभीर रूप से प्रभावित कर रहा है।
पूर्व विधायक जोत सिंह गुणसोला ने राष्ट्रपति से इस पूरे मामले में हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए कहा कि केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों को परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र लीक और भर्ती घोटालों की समयबद्ध जांच, नकल माफिया पर कठोर कार्रवाई, लंबित भर्तियों को जल्द पूरा करने तथा परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की आवश्यकता है।
कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए विशेष परामर्श व्यवस्था, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए स्थायी राष्ट्रीय नीति बनाने की भी मांग की। रितेश जोशी ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं के साथ अन्याय नहीं रुका तो कांग्रेस पार्टी जनहित में अपने आंदोलन को और तेज करेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला पंचायत सदस्य गोविंद सिंह पुंडीर, प्रदेश सचिव प्रदीप डोभाल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट प्रशांत खंडूड़ी, क्षेत्र पंचायत सदस्य गीता पैन्यूली, गौतम शर्मा, अशोक खंडूड़ी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















Leave a Reply