अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, चार तस्कर गिरफ्तार

हरिद्वार पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर कड़ा शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। नगर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चार शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब भी बरामद की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जिलेभर में नशा और अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने 26 और 27 जून की रात ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को दबोचा।

पुलिस के अनुसार सोनू उर्फ टुट्न से 36 टेट्रा पैक, प्रदीप उर्फ दीपा से 58 टेट्रा पैक, अशोक कुमार से 23 टेट्रा पैक और अमन से 23 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद की गई है। सभी आरोपी माल्टा मार्का देशी शराब की तस्करी में शामिल बताए जा रहे हैं।

गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

कांवड़ यात्रा और आगामी धार्मिक आयोजनों को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई होती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!