जनपद में नशा मुक्ति अभियान के तहत कोतवाली डीडीहाट पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जा सके।
एसएचओ डीडीहाट संजय जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने डीडीहाट स्थित जिम, कोचिंग संस्थानों और जीआईसी में छात्रों एवं स्थानीय लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा न केवल स्वास्थ्य को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाता है, बल्कि यह सामाजिक और आर्थिक जीवन पर भी बुरा प्रभाव डालता है। युवाओं को विशेष रूप से नशे से दूर रहने और एक स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की सलाह दी गई।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के वातावरण को नशे से सुरक्षित रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही समाज में जागरूकता फैलाकर नशा मुक्त वातावरण बनाने पर जोर दिया गया।
इस दौरान पुलिस टीम ने यह भी जानकारी दी कि यदि किसी क्षेत्र में नशा तस्करी या अवैध मादक पदार्थों का कारोबार दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दी जाए, ताकि तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान में सहयोग करने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की है।















Leave a Reply