कांग्रेस 28 जून से चलाएगी ‘परिवर्तन संकल्प अभियान’, भाजपा का पलटवार – करेगी ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम

देहरादून: उत्तराखंड की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस 28 जून से अपने नए अभियान ‘परिवर्तन संकल्प अभियान’ की शुरुआत करने जा रही है। इस अभियान के तहत कांग्रेस नेता राज्यभर में जनता के बीच पहुंचकर मौजूदा सरकार की नीतियों और कथित नाकामियों को उजागर करेंगे।

कांग्रेस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य जनता को सरकार के कामकाज के प्रति जागरूक करना और बदलाव के लिए माहौल तैयार करना है।

वहीं कांग्रेस के इस कदम पर भाजपा ने भी कड़ा जवाब दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने संगठन और कार्यकर्ताओं के भीतर संवाद मजबूत करने की जरूरत है, क्योंकि पार्टी के अंदर ही आपसी समन्वय की कमी दिखाई देती है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा को कांग्रेस के अभियान से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उनकी पार्टी इससे अलग एक बड़ा जनसंपर्क कार्यक्रम शुरू करने जा रही है। भाजपा ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम के जरिए युवाओं तक पहुंचेगी।

उन्होंने बताया कि भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में युवा संवाद आयोजित करेगा। इसमें 18 से 35 वर्ष की आयु के युवाओं को शामिल किया जाएगा, जहां पार्टी के पदाधिकारी और मंत्री सीधे युवाओं से संवाद करेंगे।

भाजपा का यह कार्यक्रम राज्य के विकास, रोजगार और भविष्य की नीतियों पर केंद्रित रहेगा, ताकि युवाओं की राय और सुझावों को नीति निर्माण में शामिल किया जा सके।

उत्तराखंड में दोनों प्रमुख दलों के इन कार्यक्रमों से राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!