हरिद्वार: गर्मी के मौसम में बढ़ते तापमान और आग लगने की संभावित घटनाओं को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने फायर सेफ्टी को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। जनपद में जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नवनीत सिंह ने सभी थाना प्रभारियों और अग्निशमन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
एसएसपी नवनीत सिंह ने निर्देश दिए हैं कि जनपद में संचालित कोचिंग संस्थानों, शॉपिंग मॉल, होटल, अस्पताल, विद्यालयों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य सार्वजनिक स्थानों की फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का पुनर्मूल्यांकन किया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी संस्थान निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन कर रहे हों।
निर्देशों के तहत फायर उपकरणों की कार्यशीलता की जांच, आपातकालीन निकास मार्गों का निरीक्षण, अग्निशमन सुरक्षा मानकों की समीक्षा और फायर सेफ्टी ऑडिट में सामने आई कमियों को तत्काल दूर कराने पर विशेष जोर दिया गया है। संबंधित संस्थानों के संचालकों को भी सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करने और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश भी दिए हैं।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि गर्मी के मौसम में विद्युत उपकरणों, गैस सिलेंडरों और अन्य ज्वलनशील पदार्थों का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें। किसी भी प्रकार की आग लगने की घटना या आपात स्थिति की जानकारी तत्काल अग्निशमन विभाग या पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।
पुलिस प्रशासन का मानना है कि समय रहते सतर्कता और सुरक्षा मानकों का पालन कर अग्नि दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है, जिससे जन-धन की हानि से बचाव संभव होगा।















Leave a Reply